ऊना। नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के बीच रोजगार के अवसरों को लेकर अक्सर चर्चा होती है लेकिन जब नौकरी देने वाली कंपनी खुद युवाओं के दरवाजे तक पहुंचती है तो भी बेरुखी देखने को मिल रही है। इसका ताजा उदाहरण मंगलवार को जिला रोजगार कार्यालय ऊना में देखने को मिला। यहां मोहाली की एक निजी कंपनी ने 60 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार आयोजित किया था लेकिन युवाओं का रुझान इतना कम रहा कि कंपनी के प्रतिनिधियों को अभ्यर्थियों का इंतजार ही करना पड़ा। निर्धारित साक्षात्कार में महज तीन अभ्यर्थी ही पहुंचे।
साक्षात्कार लेने पहुंची मोहाली की निजी कंपनी की प्रबंधक तेजेंद्र कौर, एचआर सलूजा शर्मा ने बताया कि टेलीकॉलर के 60 पदों के लिए साक्षात्कार का आयोजन किया गया। साक्षात्कार सुबह साढ़े दस बजे शुरू किया गया लेकिन उम्मीद के मुताबिक काफी कम अभ्यर्थी पहुंचे। एक बजे तक रोजगार कार्यालय में केवल तीन युवाओं ने ही नौकरी पाने के लिए साक्षात्कार दिया। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल मोहाली में होगा और उन्हें 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी ने ऊना में पहली बार साक्षात्कार आयोजित किया है।