ऊना के नगनोली क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान मामले में शिकायतकर्ता ही जांच में मुख्य आरोपी पाया गया। वन विभाग ने जांच कमेटी गठित कर केस दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश और कड़ी कार्रवाई की तैयारी जारी है।
2 दिन के भीतर अंब रेंजर ऑफिसर को रिपोर्ट करेंगे पेश
विज्ञापन
शिकायतकर्ता ही प्रारंभिक जांच में निकला वन कटान का आरोपी
वन विभाग रेंजर ऑफिसर राहुल ठाकुर ने किया मामले का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नगनोली क्षेत्र में निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर पेड़ों के अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है। गगरेट वन परिक्षेत्र के अधिकारी को इस संदर्भ में दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रेंजर ऑफिसर को इस मामले की जानकारी भेजने के भी आदेश जारी किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने पाया कि जिस व्यक्ति ने पुलिस चौकी पंडोगा में शिकायत दर्ज कराई थी, वह स्वयं इस पूरे मामले में आरोपी है। शिकायतकर्ता ने अपने ऊपर आरोप हटाने के लिए दूसरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो लगभग 90 पेड़ बिना किसी मंजूरी के निजी भूमि से काटे पाए गए। वन मंडल अधिकारी ऊना सुशील राणा के अनुसार नगनोली क्षेत्र में शिकायत करने वाला व्यक्ति स्वयं इस पूरे अवैध कटान का सरगना निकला है। उसने विभागीय अधिकारियों को गुमराह करने के लिए षड्यंत्र रचा था। मौके पर जांच में पता चला कि जिस भूमि से पेड़ काटे गए थे, वहां लगभग 20 से अधिक हिस्सेदार थे। इस कारण भूमि मालिकों के बीच विवाद था और शिकायतकर्ता ने दूसरों पर आरोप लगाकर स्वयं को बचाने का प्रयास किया।
सुशील राणा ने बताया कि रेंजर ऑफिसर राहुल ठाकुर की टीम ने इस मामले को सूझबूझ से सुलझाया है। शिकायतकर्ता के खिलाफ पुलिस चौकी पंडोगा में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है। जांच के दौरान इस मामले से जुड़े और भी अवैध पेड़ कटान के आरोपी सामने आने की संभावना है। वन विभाग आगामी दिनों में इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगा।