अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में रविवार सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। इस दौरान सुबह और दोपहर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम दिनभर सुहावना बना रहा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश होने की संभावना जताई है।
रविवार सुबह कुछ क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। दूसरी ओर लगातार बारिश और आसमान में छाए बादलों से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उपमंडल अंब और बंगाणा के कई क्षेत्रों में अभी भी खेतों में पानी भरा हुआ है, जिसे निकालने में किसानों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। किसानों को डर है कि अगर आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहा तो मक्की सहित अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ऊना के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है।