रोटरी चौँक ऊना में अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड का पुतला जलाते हुए सीटू कार्यकर्ता ।संवाद
ऊना। केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर सीटू जिला कमेटी ऊना ने सोमवार को अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा वेनेजुएला के खिलाफ की सैन्य बमबारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। अमेरिकी कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की गई। वहीं शहर के रोटरी चौक पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन में सीटू जिला कमेटी के जिला अध्यक्ष गुरनाम सिंह व अन्य सदस्यों ने कहा की तीन जनवरी 2026 को वेनेजुएला की राजधानी काराकस, मिलिट्री बेस, एयरबेस, रडार स्टेशन, बंदरगाह, मिरांडा हवाई अड्डा पर 150 से अधिक अमेरिकी विमानों से हमले व बमबारी की गई। इन हमलों का मुख्य उद्देश्य वेनेजुएला के रणनीतिक संसाधनों खासकर तेल और गैस खनिजों पर कब्जा करना, राजनीतिक स्वतंत्रता को बलपूर्वक खत्म करना है। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला को अपना गुलाम बनाने की साजिश की गई है वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार करके अमेरिका ले जाया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप विकासशील देशों पर कभी आर्थिक प्रतिबंध, कभी बेतहाशा टैरिफ तो कभी दो देशों के बीच टकराव पैदा करके युद्ध करवाना चाहता है ताकि आर्थिक रूप से पिछड़े देश अमेरिका पर निर्भर रहकर उसकी शर्तों को स्वीकार करते रहे। अमेरिका का युद्ध समर्थक और दूसरे देशों को गुलाम बनाने का घिनौना चेहरा दुनिया के सामने आ गया है।