जोल (ऊना)। चौकीमन्यार कॉलेज ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अपने नामांकन अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा, डॉ. शगुन डोगरा और प्रो. नवीन शर्मा ने आसपास के राजकीय और निजी स्कूलों का दौरा कर छात्रों को उच्च शिक्षा के महत्व और कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक किया।
डॉ. शगुन डोगरा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौकीमन्यार, जबकि प्रो. नवीन शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबेहड़ा में छात्रों से संवाद किया। वहीं, प्राचार्य डॉ. बलविंद्र सिंह राणा और कार्यालय अधीक्षक राकेश लठ्ठ ने स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौकीमन्यार का दौरा किया। कॉलेज प्रतिनिधियों ने छात्रों को शिक्षा की गुणवत्ता, अनुभवी शिक्षकों और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण के बारे में विस्तार से बताया।
छात्रों ने इस नामांकन अभियान को सकारात्मक रूप से लिया और कॉलेज में दाखिले में रुचि व्यक्त की। नामांकन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए छात्र कॉलेज कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। संवाद