फूलों से सजाया जा रहा मां चिंतपूर्णी का मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में 8 अप्रैल से शुरू होने जा रहे चैत्र नवरात्रों को लेकर प्रशासन ने व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है। मेले के प्रबंधों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार देर शाम तक अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की टीमें भी क्षेत्र में पहुंच चुकी थीं, जो मेले के दौरान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगी। प्रशासन की ओर से मेलों के दौरान पर्ची सिस्टम से ही श्रद्धालुओं को माथा टेकने के लिए भेजा जाएगा। दर्शन पर्ची के लिए पुराने बस स्टैंड पर दर्शन पर्ची काउंटर बनाया गया है।
चिंतपूर्णी मां के दरबार को रंग बिरंगे फूलों से सजाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। मंदिर को दिल्ली के एक श्रद्धालु कमल की ओर से सजाया जा रहा है। मंदिर को सजाने में इस्तेमाल किए गए फूलों में गेंदे के फूलों के साथ ही विदेशी फूलों तथा रंग-बिरंगी लाइटों को भी लगाया जा रहा है। इन फूलों पर करीब सात लाख रुपये का खर्चा बताया जा रहा है, जो दिल्ली के एक श्रद्धालु द्वारा खर्च किया जा रहा है। इसके अलावा मेले की सफाई व्यवस्था का जिम्मा सुलभ शौचालय वालों को सौंपा गया है। उधर, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि मेले के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है। मेले में सफाई व्यवस्था का रखरखाव और अतिरिक्त सफाई कर्मियों को रखने का जिम्मा सुलभ शौचालय वालों को दिया है।