ऊना। सदर विधानसभा क्षेत्र ऊना के छत्तरपुर टाडा गांव में नाबार्ड के तहत पेयजल योजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसके माध्यम से स्थानीय ग्राम पंचायत और आसपास की तीन हजार की आबादी को पेयजल की सुविधा मिलेगी। जल शक्ति विभाग ऊना लगभग 1.7 करोड़ रुपये की लागत से इस योजना का निर्माण किया जा रहा है, जिसका 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
विभाग ने नए साल तक इस योजना को जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा है, जिससे गांववासियों के लिए पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होगा। गर्मियों के दौरान इस क्षेत्र में पेयजल की कमी आम समस्या रही है, जिसे इस योजना से दूर किया जा सकेगा। पेयजल योजना का लगभग 3000 की आबादी को लाभ मिलेगा।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ई. राजेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल योजना के अंतर्गत बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है। अब पाइपलाइन बिछाने और अन्य उपकरण लगाने का कार्य शेष है। इस कार्य को विभाग जल्द ही ठेकेदारों के माध्यम से पूरा करेगा, ताकि तय समय सीमा के अनुसार योजना को चालू किया जा सके।
इस योजना का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इससे पहले यहां केवल एक ही पेयजल स्कीम थी, जो गर्मियों में बढ़ती मांग को पूरा नहीं कर पाती थी। दूसरी पेयजल योजना के शुरू होने से लोगों को निर्बाध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आपूर्ति मिल सकेगी।