संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर संघ के प्रांतीय मुख्य मीडिया सचिव राजन शर्मा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि कर्मचारियों का एनपीएस का पैसा प्रदेश सरकार को वापस किया जाए। उनका कहना है कि यदि इसके लिए बनाए गए नियम अत्यधिक कठोर हैं तो उनमें संशोधन किया जाना चाहिए। मौजूदा स्थिति यह है कि कर्मचारी एनपीएस का पैसा निकालने में कठिनाई का सामना कर रहे हैं। राजन शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की ओल्ड पेंशन विरोधी नीति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करके कर्मचारियों के हित में सराहनीय कदम उठाया है। आपदा की इस घड़ी में प्रदेश के कर्मचारी सरकार के साथ खड़े हैं।
लेक्चरर संघ ने लंबित डीए का भुगतान शीघ्र करने और स्कूल प्रिंसिपल पदोन्नति सूची जारी करने की भी मांग की है। राजन शर्मा ने बताया कि संघ ने अपनी मांगों का एजेंडा तैयार कर लिया है। जल्द ही प्रदेश प्रधान अजय नेगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लंबित मांगों के समाधान के लिए पहल करेगा।