क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में होने वाली हर गतिविधि पर अब एचडी सीसीटीवी की नजर रहेगी। अस्पताल में आए दिन बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के चलते अब प्रशासन ने अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अब अस्पताल के भीतर होने वाली हर गतिविधियों को अस्पताल प्रशासन कैमरे में कैद रख सकेगा। अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या 16 से बढ़ाकर 32 कर दी गई है। इससे पहले अस्पताल परिसर में एनालॉग किस्म के 16 कैमरे स्थापित किए गए थे, लेकिन अस्पताल परिसर बड़ा होने के चलते हर क्षेत्र कवर नहीं हो पा रहा था। ऐसे में शरारती तत्व आए दिन यहां अप्रिय घटनाओं को अंजाम देने में कामयाब हो जाते थे। अस्पताल में लगाए जा रहे सभी नए सीसीसीटीवी हाई डेफिनेशन (एचडी) क्वालिटी के हैं। इनकी खास बात यह है कि यह नाइट विजन क्वालिटी से लैस हैं।
यानी यदि अस्पताल में रात के अंधेरे में कोई शरारती तत्व किसी घटना को अंजाम देता है तो भी अस्पताल की पैनी निगाह उस पर रहेगी। अस्पताल में 6 लॉबीज में यह कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हर आने-जाने वालों पर कैमरों की पैनी निगाह रहेगी। अस्पताल की हाइटेक इमरजेंसी की एंट्रेस पर और इमरजेंसी के भीतर भी कैमरा अपनी नजर रखेगा। ज्यादातार भीड़ ग्राउंड फ्लोर और हाइटेक कक्ष में ही रहती है। आए दिन यहां पर आने-जाने वाले अस्पताल स्टाफ के साथ भी अभद्र व्यवहार करते थे, लेकिन अब ऐसा करने वाले स्वयं कैमरों में कैद हो जाएंगे। इनका कंट्रोल रूम सीएमओ कक्ष में स्थापित है।
ऑनलाइन सिस्टम से जुड़ेंगे सीसीसीटीवी
इन कैमरों की एक खास बात यह भी है कि शीघ्र इनको ऑनलाइन सिस्टम से भी जोड़ दिया जाएगा, जिससे अस्पताल का बड़ा अधिकारी कहीं भी किसी भी जगह इन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कर सकेगा। ये सभी कैमरे डिजिटल हैं और इनका फोकस भी ज्यादा है, जिससे अस्पताल प्रशासन को लाभ मिलेगा। इसके अलावा अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले इंटरकॉम सर्विसेज की संख्या भी बढ़ाकर 60 से 72 कर दी है। इससे अस्पताल कर्मियों का आपस में तालमेल बढ़ सकेगा।
हर गतिविधि पर रहेगी नजर : डॉ गुप्ता
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.ॅ अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। इससे अस्पताल परिसर में होने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रहेगी। अस्पताल में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के चलते कैमरों की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन लोगों को बेहतरीन सेवाएं मुहैया करवाने में प्रयासरत है।