उपमंडल गगरेट में चोरों के निशाने पर दुकानें और घर
पहले चोर संघनई गांव में एक वॉशिंग सेंटर और अंबोटा गांव में दो बंद मकानों में कर चुके हैं चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट में अज्ञात चोर गिरोह की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले की चोरी की घटनाओं को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई थी कि चोरों ने एक और वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। ताजा मामले में तहसील मुख्यालय घनारी में नवी कम्युनिकेशन एंड जनरल स्टोर को निशाना बनाया गया। चोर यहां से करीब 38 हजार रुपये नकद और दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर ले गए।
दुकान मालिक नवदीप चौधरी के अनुसार बुधवार शाम दुकान बंद करते समय सब सामान्य था, लेकिन वीरवार सुबह पहुंचे तो ताले टूटे मिले। गल्ले का सामान बिखरा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का चोरों ने मुंह मोड़ दिया और डीवीआर भी साथ ले गए।
इससे पहले चोर संघनई गांव में एक वॉशिंग सेंटर और अंबोटा गांव में दो बंद मकानों से लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण चुरा चुके हैं। अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पुलिस घनारी क्षेत्र में मोबाइल टावर का डंप डाटा खंगाल रही है। एसएचओ सनी गुलेरिया स्वयं मामले की जांच में जुटे हैं, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।