फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: जिले में चिट्टे के मामले घटे, बरामदगी बढ़ी ढाई गुना

Wed, 16 Sep 2026 12:39 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। जिले में इस साल नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक तरफ मामलों की संख्या में कमी आई है, वहीं बरामद नशे की मात्रा ने चिंता बढ़ा दी है। वर्ष 2025 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 94 मामले दर्ज हुए थे और इनमें करीब 538.96 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था। इसके मुकाबले वर्ष 2026 में अब तक करीब 60 मामले सामने आए हैं लेकिन इनमें करीब 1.30 किग्रा चिट्टा बरामद हो चुका है। यानी पिछले पूरे साल की तुलना में इस साल अब तक चिट्टे की बरामदगी करीब 2.4 गुना हो चुकी है।
विज्ञापन

2025 के मुकाबले 2026 में अब तक नशे के मामले करीब 36 फीसदी कम दर्ज हुए हैं। हालांकि, यह तुलना पूरी तरह समान अवधि की नहीं है, क्योंकि 2025 के आंकड़े पूरे वर्ष के हैं, जबकि 2026 के आंकड़े अभी वर्ष पूरा होने से पहले के हैं। इसके बावजूद कम मामलों में अधिक चिट्टा मिलना नशे के कारोबार के बदलते स्वरूप की ओर इशारा करता है। इस साल पुलिस ने चिट्टे के अलावा 1.80 किग्रा चरस, 150 ग्राम अफीम, 9.10 किग्रा गांजा और 16 किग्रा भुक्की भी जब्त की है। सबसे अधिक मात्रा में नशीली दवाइयां पकड़ी गई हैं। पुलिस ने अब तक 31,800 नशीली गोलियां बरामद की। नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में करीब 5.50 लाख रुपये की नकदी भी जब्त की।
वर्ष 2025 के थाना वार आंकड़ों पर नजर डालें तो गगरेट में 19 मामलों में 208.896 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, जो जिले में सबसे अधिक था। ऊना सदर में 27 मामलों में 163.827 ग्राम, अंब में 16 मामलों में 113.898 ग्राम, चिंतपूर्णी में तीन मामलों में 43.187 ग्राम और बंगाणा में पांच मामलों में 8.160 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था। हरोली में 12 और मैहतपुर में 12 मामले दर्ज हुए थे। आंकड़ों से स्पष्ट है कि वर्ष 2025 में भी चिट्टे का नेटवर्क जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय था लेकिन 2026 में अब तक हुई बरामदगी का आंकड़ा इस चिंता को और गंभीर करता है।
विज्ञापन

एएसपी ऊना अजय राणा ने कहा कि पुलिस का फोकस केवल नशा रखने वालों तक सीमित नहीं बल्कि नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और मुख्य आरोपियों तक पहुंचने पर भी है। आने वाले समय में नशे के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें