भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी क्षेत्र में शनिवार सुबह वाहन चोरी और तोड़फोड़ की दो अलग-अलग घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर चिंतपूर्णी-भरवाईं मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी कार को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए, वहीं भरवाईं में खड़ी एक कार के शीशे तोड़ दिए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, चिंतपूर्णी-भरवाईं रोड पर खड़ी कार शनिवार सुबह करीब पांच बजे गायब हो गई। वाहन मालिक को जब कार मौके पर नहीं मिली तो उसने पुलिस को सूचना दी।
दूसरी घटना भरवाईं बाजार में सामने आई। यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर उसके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों मामलों की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।