सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त क्षत-विक्षप्त कार।
भरवाईं/अंब (ऊना)। मुबारिकपुर-भरवाईं सड़क पर शुक्रवार को सुबह सात बजे के करीब मंसूरी होटल के पास श्रद्धालुओं की कार 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इससे कार में एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए।
परिवार कार से चिंतपूर्णी में दर्शन के बाद अपने घर नवांशहर को लौट रहा था।
इनकी कार बॉंबे पिकनिक स्पॉट के पास होटल मंसूरी के नजदीक पशुओं के सड़क के बीच आने से लुढ़क गई। कार के गिरने की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी और अंब पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों ही थानों के पुलिस कर्मियों ने बारिश के बावजूद घायलों को खाई से निकालने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेक्सयू के बाद घायलों को निकाला जा सका। इस दौरान अंब और चिंतपूर्णी की 108 एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने रेस्क्यू करके कार में बैठे चारों घायलों को बाहर निकाला और 108 से उनको अंब अस्पताल पहुंचाया। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। घायलों में पति-पत्नी और इनकी 13 वर्ष की बेटी व आठ वर्ष का बेटा शामिल है। घायलों में कार चालक 45 वर्षीय लाभ सिंह पुत्र राजपाल व इनकी पत्नी 36 वर्षीय अमन सुदेड़ा, इनकी बेटी 13 वर्षीय समायरा और आठ वर्षीय बेटा जिगर शामिल हैं। ये परिवार एसएस साहिबजादा, अजित नगर, कोठी रोड, नजदीक तारा राइज होटल नवांशहर का रहने वाला है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंब थाना के हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह ने बताया कि घटना सुबह के समय की है। हादसे का पता चलते ही अंब और चिंतपूर्णी पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। डीएसपी अंब मनोज जंवाल ने कहा कि कार के खाई में गिरने से एक परिवार के चार सदस्य घायल हुए हैं। उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है।