2500 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
जिला स्तरीय नमो युवा रन मैराथन संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्म दिवस पर भंजाल में जिला स्तरीय नमो युवा रन मैराथन रविवार को आयोजित हुई। छह किलोमीटर ट्रैक पर लगभग 2500 प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। पंजीकृत प्रतिभागियों को क्रमांक सहित एक जैसी टी-शर्ट दी गई, जिससे मैदान का दृश्य आकर्षक रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मिन्हास ने की, जबकि मुख्य प्रबंधक एवं पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रथम स्थान प्राप्त विजेताओं को 11000 रुपये, ट्रॉफी और मेडल
मैराथन के विजेताओं को पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा सहित उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सम्मानित कर नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। अंडर-15 वर्ग में दिव्या, युवा वर्ग में प्रीत, महिला वर्ग में नितिका और 50 प्लस वर्ग में कैप्टन वीर अभिमन्यु ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी को 11000 रुपये, ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा अंडर-15 आयु वर्ग में रितिका वर्मा द्वितीय और बबिता तृतीय रहीं। युवा वर्ग में सौरभ ठाकुर द्वितीय व अभिषेक तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में ज्योति ने दूसरा और रवीना ने तीसरा स्थान पाया। वहीं 50 प्लस वर्ग में राकेश ने द्वितीय और अजित सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी वर्गो में द्वितीय स्थान पाने वालों को 7100 रुपये और तृतीय स्थान पाने वालों को 5100 रुपये की राशि, ट्रॉफी व मेडल दिए गए। टॉप-10 में शामिल प्रतिभागियों को भी 2100 रूपये, स्मृति चिन्ह और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
विवाद
दौड़ के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विशेष टी-शर्ट पहनकर हिस्सा लिया, जबकि अधिकांश प्रतिभागी एक समान टी-शर्ट में थे। इससे कुछ कार्यकर्ताओं और युवा प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया पर असंतोष जताया।