संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए समाजसेवी संस्थाओं, क्लबों, नौजवानों, पंचों और सरपंचों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन राहत में इन साथियों ने प्रभावित लोगों के ज़ख्मों पर तुरंत मरहम लगाने का काम किया। बैंस अपने साप्ताहिक कार्यक्रम साडा एमएलए साडे विच के तहत नंगल दो आरवीआर स्थित सेवा सदन में जनता दरबार में पहुंचे और लोगों की मुश्किलों व समस्याओं को सुलझाने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए। मंत्री ने बताया कि बाढ़ के दौरान उनके हलके के 100 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। हर क्षेत्र और गांव का दौरा अपनी टीम के साथ किया गया, और जहां संपर्क टूट गया था, वहां नाव और ट्रैक्टर के जरिये भी मदद पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और पानी के बढ़ने से फ़सलों, मकानों और पशुधन को भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ में हुए नुकसान के मुआवज़े के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।