डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिए भेजी
लोगों को अस्पताल में ही मिलेगी स्वच्छ खाने की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। थानाकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और तीमारदारों के लिए जल्द ही कैंटीन सुविधा उपलब्ध होगी। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। वर्तमान में कैंटीन की अनुपस्थिति के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से अस्पताल में कैंटीन शुरू करने की मांग उठती रही है।
अस्पताल में कैंटीन की सुविधा न होने के कारण तीमारदारों को भोजन और चाय-पान के लिए बाहर जाना पड़ता है। प्रस्तावित कैंटीन में बाजार की तुलना में सस्ता और स्वच्छ भोजन उपलब्ध होगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। इसके लिए अस्पताल में पर्याप्त जगह भी मौजूद है।
साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने के प्रयास भी जारी हैं। इस कड़ी में अस्पताल में जल्द ही अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का काम भी चल रहा है। अन्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अगर आगामी दिनों में कैंटीन शुरू करने के लिए मंजूरी मिल जाती है तो तीमारदारों को इससे काफी लाभ होगा। थानाकलां सीएचसी में आसपास की दस पंचायतों से लोग इलाज के लिए आते हैं। कैंटीन न होने के कारण उन्हें ढाबों पर भोजन करना पड़ता है, जिससे समय और अधिक खर्चा होता है।
कोट
थानाकलां अस्पताल में कैंटीन सुविधा शुरू करने के लिए डीपीआर तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। -डॉ. नरेश शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी, थानाकलां