सोने-चांदी के आभूषणों के कारोबार में 50 फीसदी गिरावट
जिले के बाजारों में तिल धरने तक के लिए जगह नहीं आई नजर
चीन की चीजों की कम रही बिक्री, जीएसटी की दरों में किए गए सुधार का भी दिखा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। धनतेरस में जिले के कारोबारियों पर धन वर्षा हुई है। 100 करोड़ के करीब कारोबार का अनुमान लगाया गया है। वहीं, प्रदेशभर में 1000 करोड़ रुपये का कारोबार बताया जा रहा है। कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्राॅनिक उपकरण, हलवाई समेत अन्य कारोबार से जुड़े दुकानदारों की खूब कमाई हुई है। ग्राहकों ने दिल खोल कर अपनी पसंदीदा चीजों की खरीदारी की है। वहीं, आभूषण के कारोबार में पिछले साल के मुकाबले 50 फ़ीसदी गिरावट दर्ज की गई है। कुल मिलाकर 20 से 25 लाख का कारोबार ही स्वर्णकारों को ऊना जिले में हुआ है।
जिले में 200 के करीब स्वर्ण का काम करने वाले स्वर्णकार हैं। स्वर्णकार संघ के जिला प्रधान प्रिंस राजपूत का कहना है कि बाजारों में भले ही चहल पहल अपेक्षा से अधिक नजर आई है लेकिन सोने-चांदी के आभूषणों के कारोबार से जुड़े कारोबारी को कारोबार उम्मीद के मुताबिक नहीं हुआ है। वर्तमान में एक तोला (दस ग्राम) सोने की कीमत 1,33,000 और 1800 के करीबन तोला चांदी के भाव हैं। सोने चांदी की कीमतों में अत्यधिक बढ़ोतरी होने से ग्राहक कम ही खरीदारी करने पहुंचे हैं। इसका सीधे तौर पर स्वर्णकारों के कारोबार पर असर देखा गया है। दूसरी ओर हिमाचल व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेश शर्मा का दावा है कि समूचे हिमाचल प्रदेश में 1000 करोड़ का कारोबार हुआ है। जिले में भी 100 करोड़ से अधिक कारोबार विभिन्न व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों को हुआ है। इस बार बाजार में चाइनीज किस्म की चीजों की कम बिक्री हुई है और इसकी इस बार मांग भी कम ही रही है। केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी की दरों में किए गए सुधार का असर भी धनतेरस पर देखने को मिला है। ऑनलाइन कारोबार का कुछ खास असर सामान्य तौर के कारोबार पर होता नजर नहीं आया है। लोगों ने स्वदेशी उत्पादों को ही तवज्जो देकर इस बार बाजार में जमकर खरीदारी की है। इसका ताजा उदाहरण चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर लगे कई किलोमीटर लंबे जाम को देखकर भी लगाया जा सकता है। ऊना शहर के अलावा बंगाणा, मैहतपुर, अंब, गगरेट सहित अन्य मुख्य और पुराने बाजारों में भी ग्राहकों की भीड़ उम्मीद से ज्यादा नजर आई है। तिल धरने के लिए बाजार में जगह नहीं दिखाई है। अब दिवाली पर्व पर कारोबार और रंग लाएगा।
ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में भी जहां कार, स्कूटी, बाइक के खरीदार पहुंचे हैं, वहीं कइयों ने एडवांस में ही खरीदारी को लेकर बुकिंग करवा रखी है। ग्राहक त्योहारी सीजन में हर तरह के उपहार डिस्काउंट सहित ऑफरों का भी जमकर फायदा उठा रहे हैं और बेझिझक होकर खरीदारी करने में जुटे हुए हैं।