ऊना। जिला मुख्यालय के समीप बसाल और अपर अरनियाला क्षेत्र में बुधवार दोपहर को झाड़ियों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार बसाल क्षेत्र में झाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते आसपास के इलाके को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। वहीं अपर अरनियाला क्षेत्र में भी सूखी झाड़ियों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया और समय रहते आग को फैलने से रोक लिया। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की वन संपदा को बड़ा नुकसान हो सकता था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आकलन के अनुसार इन घटनाओं में वन संपदा को करीब नौ हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गर्मी और सूखे मौसम के चलते जंगलों तथा झाड़ियों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों और सूखी झाड़ियों के आसपास आग जलाने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना संबंधित विभाग को दें। मामले की पुष्टि फायर स्टेशन अधिकारी ऊना सुरेश कुमार ने दी है।