जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव बहडाला में आवारा सांड के हमले से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ओंकार (67) पुत्र लक्ष्मण निवासी बहडाला के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ओंकार निवासी बहडाला सोमवार सुबह अपने खेतों में काम कर रहा था कि तभी अचानक आवारा सांड ने उस पर हमला बोल दिया। सांड के हमले से ओंकार बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। बुजुर्ग की चीखो पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों ने मौके पर पहुंच कर ओंकार को सांड के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार दौरान मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।