मैहतपुर में एक बैंक में छोटी करेंसी जमा करवाते कारोबारी।
- फोटो : अमर उजाला
एक ओर जहां नोट हासिल करने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर मैहतपुर के कुछ व्यापारियों ने स्थानीय बैंकों और डाकघरों के सामने लंबी कतार में खड़े लोगों की सुविधा के लिए दो लाख तीस हजार की छोटी करेंसी के नोट जमा करवाकर अनूठी मिसाल कायम की है।
इन व्यापारियों ने शनिवार को एसबीआई की स्थानीय बैंक शाखा में जाकर अपनी रोजाना की सेल से प्राप्त नोट बैंक में जमा करवाए हैं, जिससे बैंक इन नोटों को अपने अति जरूरतमंद ग्राहकों को दे सके। इस रकम में सबसे ज्यादा दो लाख के नोट सर्राफा कारोबारी सोनी ब्रदर्ज की ओर से जमा करवाए गए, जबकि तीस हजार रुपये गारमेंट कारोबारी संजय भारद्वाज ने जमा करवाए। सर्राफा कारोबारी राजीव एवं संजीव सोनी ने कहा कि ग्राहकों से प्राप्त दो लाख के नोटों में कुछ दो हजार के नए हैं, जबकि बाकी सौ पचास के नोट हैं। सोनी ब्रदर्ज के मुताबिक उनके पिता मदन लाल सोनी ने उन्हें इस काम के लिए प्रेरित किया और कहा कि आजकल नोटों की किल्लत के चलते इन्हें तुरंत बैंक में जमा करवाएं, जिससे ये राशि अन्य जरूरतमंद लोगों के काम आ सके। शनिवार को मैहतपुर व्यापार मंडल के चेयरमैन दीपक द्विवेदी, प्रधान राहुल ऐरी, राजीव सोनी, संजीव सोनी, संजय भारद्वाज, सुभाष ऐरी समेत कई लोगों ने बैंक प्रबंधक के पास यह राशि जमा करवाई।
जिला टैक्सेशन बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ट, मैहतपुर उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष बलराम चंदेल, डॉ. केआर आर्य, जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़, पूर्व पार्षद पवन कुमार सहित कई अन्य लोगों ने सोनी ब्रदर्ज के इस कदम की सराहना की है।