एचआरटीसी वर्कशाॅप रामपुर बना ड्राईविंग लर्निंग सेंटर का भवन का दृश्य। संवाद
ऊना। प्रदेश सरकार के सुस्त रवैये के चलते ऊना में बना ड्राइविंग लर्निंग सेंटर का ढांचा पिछले दो वर्षों से फर्नीचर के इंतजार में सुनसान है।
हैरानी की बात है कि दो वर्षों से सरकार ने फर्नीचर खरीदने को मंजूरी ही नहीं दी है। ऐसे में 34 लाख रुपये की लागत से बना यह भवन प्रशिक्षुओं के इंतजार में सूना पड़ा है और जिम्मेदार तंत्र फर्नीचर की मंजूरी जैसे बुनियादी मुद्दे पर ही उलझा हुआ है।
एचआरटीसी ऊना डिपो में युवाओं को भारी वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने की सुविधा मुहैया करवाने के लिए तीन वर्ष पहले ड्राइविंग लर्निंग सेंटर खोलने की घोषणा की थी।
इसके बाद वर्ष 2023 में ही सेंटर का भवन बनाने को लेकर टेंडर हुआ। कुछ महीनों के बाद वर्ष 2023 में भवन का निर्माण पूरा हुआ। इस के बाद से ऊना डिपो प्रबंधन ने सरकार को पत्र भेज कर ड्राइविंग लर्निंग सेंटर के लिए फर्नीचर खरीदने के लिए मंजूरी मांगी। जब सरकार से लंबे समय तक कोई जवाब नहीं आया तो डिपो प्रबंधन की ओर से बार-बार मंजूरी के लिए पत्र भेजा गया लेकिन आज दिन तक सरकार की तरफ कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए। वर्तमान में बिना फर्नीचर के ड्राइविंग लर्निंग सेंटर के भवन के दरवाजे ताले खुलने का इंतजार कर रहे हैं।