बरसात में खड्ड का पानी उतरने तक नहीं करना पड़ेगा इंतज़ार
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। उपमंडल गगरेट में विकास की एक और कड़ी जुड़ने जा रही है। ओयल से गुगलैहड़ को जोड़ने वाली सड़क पर मवा सिंधियां खड्ड पर 3.70 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण होने वाला है। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और यह कार्य जाहू के ठेकेदार संजय चौहान को सौंपा गया है। यह पुल ओयल से टटेहड़ा, मवा सिंधियां, कुठेड़ा जसवालां, लोहारली, जाड़ला कोड़ी और बढेड़ा राजपूतां जैसे गांवों को जोड़ने वाली ऊपरी सड़क पर स्थित लोहारली खड्ड पर बनेगा। इन क्षेत्रों की अधिकतर आबादी ऊना– गगरेट मुख्य सड़क से ऊपर की पहाड़ियों में बसी हुई है। हालांकि, इस ऊपर वाली सड़क पर पुलों के अभाव के कारण बरसात के दिनों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दौरान खड्डों में पानी भर जाने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, किसानों, और व्यापारियों को कई बार खड्ड पार करने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ती थी। इस पुल के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र के लोगों को सुगम परिवहन की सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंजीनियर एचजी कौशल के अनुसार पुल का निर्माण न केवल स्थानीय निवासियों के लिए राहत लेकर आएगा, बल्कि यह शिक्षा, व्यापार और अन्य सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा। बेहतर सड़क और पुल के माध्यम से इन ग्रामीण क्षेत्रों की जीवनशैली में सुधार होगा, और क्षेत्र के समग्र विकास में अहम योगदान मिलेगा। पुल का टेंडर खुल जाने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों बलदेव सिंह, रवि कुमार, शिव नाथ, सुलोचना देवी, हरपाल सिंह, लेख राज कतनौरिया व अन्य ने सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण जल्द पूरा होगा। उनका कहना है कि यह पुल क्षेत्र की विकास यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगी।