बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध ब्रह्मोति स्थित श्री ब्रह्मा मंदिर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला ऊना के मैहतपुर में भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है।
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को प्रवेश द्वार निर्माण का विस्तृत आकलन जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सतलुज नदी के किनारे स्थित ब्रह्मोति का श्री ब्रह्मा मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। विधायक ने बताया कि मैहतपुर से ब्रह्मोति मंदिर की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। इसी मार्ग पर मैहतपुर में बनने वाला भव्य स्वागत एवं प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
विवेक शर्मा ने बताया कि मैहतपुर से करीब पांच किलोमीटर आगे से हिंडोला तक लगभग छह किलोमीटर सड़क पंजाब के अधिकार क्षेत्र में आती है। इस मार्ग के चौड़ीकरण और विकास के लिए पंजाब सरकार से औपचारिक स्तर पर बातचीत की जाएगी।
विधायक ने बताया कि ब्रह्मोति मंदिर के साथ डेरा बाबा रूद्रानंद धाम (नारी), राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां, बाबा जी आश्रम, डेरा बाबा जोगी पंगा, नरसिंह नारायण मंदिर पीपलू और सदाशिव मंदिर चमुखा सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की योजना है। इन स्थलों को बेहतर सड़कों, संकेतक बोर्ड और पर्यटन सुविधाओं से जोड़कर कुटलैहड़ को प्रदेश ही नहीं बल्कि उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।