एक कोमा में तो दूसरे के मुंह, गर्दन और सिर पर गहरे घाव
वहीं हत्या के प्रयास के तीन आरोपी भी पुलिस की पकड़ से दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। लाल सिंगी में बीते वर्ष 19 नवंबर को हुई आशु पुरी हत्या के मुख्य आरोपी परविंद्र (निवासी सनोली) और पुरजिंद्र उर्फ पिंदू (निवासी उदयपुर मराला) दो महीने से गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अभी तक होश में नहीं आए हैं। इस कारण पुलिस उनके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। परविंद्र और पुरजिंद्र के सिर, मुंह और गर्दन पर गहरे घाव हैं। पुरजिंद्र अभी भी कोमा में हैं, जबकि परविंद्र के चेहरे और गर्दन पर गहरे कट हैं, जिससे वह बयान देने में असमर्थ हैं।
जानकारी के अनुसार आशु पुरी के साथियों ने गोली चलाने वाले परविंद्र और उसके साथी पुरजिंद्र पर तेजधार हथियारों से कई वार किए थे, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में अभी तक तीन और आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है, जिन्हें वर्तमान में बनगढ़ जेल में रखा गया है। वहीं, कुछ आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और आशंका जताई जा रही है कि वे विदेश भाग चुके हैं। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि घायलों के बयान अभी दर्ज नहीं हो पाए हैं और दोनों की पीजीआई में हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है।