बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत पंचायत बड़ूही निवासी रिटायर्ड सूबेदार राज सिंह चौहान के परिवार के लिए सोमवार का दिन दोहरी खुशी लेकर आया। परिवार के दोनों बेटों की पदोन्नति की सूचना एक ही दिन मिलने से घर में खुशी का माहौल बन गया। एक बेटे ने भारतीय सेना में तो दूसरे ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में पदोन्नति हासिल कर परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।
रिटायर्ड सूबेदार राज सिंह चौहान के बड़े बेटे सरबजीत सिंह चौहान भारतीय सेना में पिछले करीब 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। उनकी पदोन्नति होकर उन्हें ऑर्डिनरी कैप्टन का पद मिला है। वहीं, उनके छोटे बेटे परमजीत सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में पिछले 28 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी भी पदोन्नति असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर हुई है।
दोनों भाइयों की पदोन्नति की खबर एक ही दिन मिलने से परिवार की खुशी दोगुनी हो गई। परिजनों और रिश्तेदारों ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों भाइयों को बधाई दी। वहीं, ग्रामीणों ने भी उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिटायर्ड सूबेदार राज सिंह चौहान ने कहा कि एक पिता के लिए इससे बढ़कर गर्व की बात और क्या हो सकती है कि उसके दोनों बेटों ने अपने-अपने क्षेत्र में मेहनत और ईमानदारी से सेवाएं देते हुए सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि दोनों बेटों की पदोन्नति की सूचना एक ही दिन मिलना उनके परिवार के लिए यादगार पल बन गया है।