संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। क्षेत्र के टकोली खड्ड पर बन रहे बांधों का काम पूरा कर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में बदलाव आएगा। यह बात ग्राम पंचायत जोल में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनने पहुंचे चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कही।
उन्होंने कहा भाजपा ने हर काम को बिना कारण लंबे समय तक लटकाकर वोट बैंक की राजनीति की। अब विकास की नई परिभाषा लिखी जाएगी। वर्षों से कई परियोजनाएं विभिन्न कारणों से लंबित चल रही हैं और उन्हें जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। ये बात सुनिश्चित की जाएगी कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जनता की समस्याओं को घर द्वार पर सुलझाने के लिए प्रशासन को बिठाया गया है। इस मौके पर ग्रामीणों ने 30 समस्याएं रखीं। इनमें अधिकतर पेयजल संबंधी शिकायतें शामिल रही।
कुछ समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया और बाकी बची विभागों को हल करने के लिए भेजा गया है। इस अवसर पर एसडीएम योगराज धीमान, तहसीलदार बंगाणा राहुल शर्मा, नायब तहसीलदार जोल कुलवंत राय, तहसील कल्याण अधिकारी बंगाणा, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता सुरिंदर कुमार, सहायक अभियंता विद्युत होशियार सिंह, जोल पुलिस चौकी इंचार्ज प्रदीप सिंह मौजूद रहे।