ऊना/हमीरपुर। पहले पिता प्रेम कुमार धूमल के नाम पर और फिर पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर सांसद बने अनुराग ठाकुर इस बार बिना मेहनत के कुर्सी पाने का सपना भूल जाएं। यह बात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कही। रायजादा सोमवार को जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा के पट्टा, खरवाड़, तूह, सम्मू, भलवाणी, बडेहर, भरेड़ी, दलालड़, दारट, बराड़ा और केहरवीं में जनसभाएं कीं।
कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कहा कि हर बार दूसरों के नाम पर मिले वोट को अनुराग ठाकुर अगर अपनी उपलब्धि मान रहे हैं, तो ऐसा भ्रम इस बार के लोकसभा चुनाव में मत पालें। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को पता चल गया है कि जिसने चार बार के सांसद रहते हुए केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश के हितों को नहीं रखा, वो आगे क्या रखेगा।
रायजादा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री खुद को इतने बड़े लीडर मान रहे हैं कि प्रदेश की बात करने में हिचकिचाते हैं और आजकल हिंदुस्तान के चुनाव होने की बातें करते हैं। शायद अनुराग ठाकुर ये भूल गए हैं कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र भी हिंदुस्तान का ही हिस्सा हैं। अगर अनुराग हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को अपना मानते तो प्रदेश की आवाज केंद्र के समक्ष उठाते। युवाओं के भविष्य को लेकर लड़ाई लड़ते। प्रदेश में आई आपदा के दौरान हिमाचल को हक दिलवाने की बात करतें।