जर्जर भवन में हो रहा मरीजों का उपचार
स्वास्थ्य केंद्र की छत से आए दिन लेंटर का प्लास्टर उखड़कर नीचे गिर रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत भैरा पंचायत स्थित सब हेल्थ सेंटर की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। जर्जर भवन में मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। स्वास्थ्य केंद्र की छत से प्लास्टर गिरने की घटनाएं रोजाना सामने आ रही हैं, लेकिन मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के बाद स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति और भी खराब हो गई है। छत से पानी टपकता है और दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं। कई बार इलाज के दौरान प्लास्टर गिरने से मरीज और स्वास्थ्य कर्मी दहशत में रहते हैं। भैरा पंचायत की प्रधान रंजना ढिल्लो ने बताया कि पंचायत की ओर से इस गंभीर समस्या को लेकर प्रस्ताव पारित कर स्वास्थ्य विभाग को भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
10 जनवरी 2026 को आशा और आंगनवाड़ी वर्करों की ओर से गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण इसी जर्जर भवन में कराया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाएं, छोटे बच्चे और बुजुर्ग उपस्थित थे, जिससे खतरा और बढ़ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इस केंद्र में इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि या तो भवन की तुरंत मरम्मत करवाई जाए या मरीजों के लिए किसी सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि किसी अनहोनी से पहले समाधान निकल सके।