ऊना। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत बीहडू उपतहसील का तीन मंजिला भवन बनकर तैयार हो गया है। दो करोड़ रुपये से बना यह भवन जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
क्षेत्र की जनता को अब एक ही छत के नीचे विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी। लोक निर्माण विभाग ने भवन का निर्माण किया है। अब विभाग ने बिजली की व्यवस्था के लिए बिजली बोर्ड के माध्यम से टेंडर जारी किए हैं और दो हफ्ते के भीतर यह प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
वहीं, प्रशासन ने मुख्यमंत्री सुक्खू से उपतहसील के तीन मंजिला भवन के उद्घाटन करवाने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। इसी महीने इसका लोकार्पण हो सकता है।
एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल का कहना है कि भवन परिसर में बिजली का ट्रांसफार्मर जल्द ही लगा दिया जाएगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेश शर्मा का कहना है कि विभाग ने बीहडू उपतहसील के भवन का कार्य पूरा कर दिया है। अन्य कार्य जल्द पूरे होंगे।
वहीं, क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा का कहना है कि जनता को जल्द ही नए भवन की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू से भवन का उद्घाटन करवाया जाएगा।