नारी (ऊना)। जिले के सरकारी स्कूलों ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए छुट्टी वाले दिन और संस्थान बंद होने के बाद डोर-टू-डोर नामांकन अभियान संचालित कर दिया है। अप्रैल 2026 से शुरू होने वाले नए सत्र के लिए बसाल स्कूल के अध्यापकों ने नारी, अपर बसाल, लोअर बसाल, झलेड़ा, लाल सिंगी, रायसरी, बसाल, ख्वाजा, टक्का, कुरियाला एवं बडसाला में अभिभावकों को जागरूक करना शुरु कर दिया है। सभी शिक्षकों को प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन में विद्यालय की विशेषताओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया है। विद्यालय की विशेषताओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों का सर्वांगीण विकास, सुरक्षा व्यवस्था, विश्वसनीय केंद्र, संस्थान की अपनी उपलब्धियां और विशेषताएं शामिल हैं।
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बसाल के प्रधानाचार्य प्रदीप सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ स्वास्थ्य, नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व निर्माण पर विशेष बल दिया जाता रहा है।
विद्यालय में कक्षा स्तर पर विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय उपलब्ध हैं। खिलाड़ी बच्चों के लिए स्कूल के खेल का मैदान की साफ सफाई करके चकाचक कर दिया गया है। प्रदीप सिंह ने बताया कि अब वार्षिक परीक्षाएं तीन मार्च से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं से पहले बच्चों को तनाव से दूर रहने और परीक्षा से पहले किस प्रकार तैयारी करें, इस संबंध में भी प्रतिदिन बच्चों को प्रधानाचार्य अध्यापकों और विशेषज्ञ द्वारा जागरूक किया जा रहा है।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों में दाखिला बढ़ाने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के पूरा होने के पश्चात स्कूलों के आंकड़े भी मांगे जाएंगे। सभी स्कूल इसपर गंभीरता और तत्परता से कार्य करें।