बंगाणा/लठियाणी (ऊना)। क्षेत्र की ढयूंगली पंचायत के पडियोला गांव में 34 वर्षीय दुकानदार करंट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि कुएं की सफाई करते वक्त टुल्लू पंप में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से दुकानदार की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू दी है।
रविवार सुबह 34 वर्षीय अजय कुमार ग्रामीणों के साथ कुएं में सफाई कर रहा था। इस बीच अचानक टुल्लू पंप से उसे करंट लग गया। अजय कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़सर पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय ऊना भेज दिया है। युवक अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी और पत्नी छोड़ गया है। गांव में दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। युवक अजय कुमार बंगाणा बाजार में स्कूटर, मोटरसाइकिल रिपेयर के स्पेयर पार्ट की दुकान करता था। कोरोना कर्फ्यू के कारण वह घर पर रह रहा था। ग्रामीणों के आग्रह पर वह गांव के कुएं की सफाई करने के लिए चला गया था। इस संबंध में थाना प्रभारी बंगाणा अशोक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की छानबीन की जाएगी।