ऊना। श्री रामलीला कमेटी ऊना की ओर से शहर में तीन सितंबर को बजरंगबली की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सराय सुथरा से शुरू होगी। कमेटी के अध्यक्ष अविनाश कपिला, चेयरमैन प्रिंस राजपूत, मुख्य संरक्षक राजेंद्र वशिष्ठ और महामंत्री डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि श्री रामलीला और दशहरा आयोजन के उपलक्ष्य में शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि शोभायात्रा चार बजे शुरू होगी और सायं 7:30 से 10 बजे तक श्री रामलीला मैदान पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न कलाकार धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शोभायात्रा में अमृतसर, दिल्ली, कपूरथला, होशियारपुर और जालंधर से पहुंचे हनुमान दल नृत्य प्रस्तुत करेंगे। वहीं कुल्लू से विद्वान भी शोभायात्रा में हिस्सा लेंगे।
शोभायात्रा में 25 से अधिक झांकियां निकलेंगी। बजरंगबली के पांच स्वरूप यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। मुख्य बाजार से होते हुए शोभायात्रा रोटरी चौक, पुराना बस अड्डा, रेडलाइट चौक, अरविंद मार्केट से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी जहां पूजा-अर्चना की जाएगी।
संजीव लवली एंड पार्टी बजरंगबली की महिमा का गुणगान करेंगे। उन्होंने बताया कि पाल बैंड, हनुमान, संदीप कालका दिल्ली वाले झांकी, 11 स्वरूप लंगूर हनुमान जी, सात महाबली हनुमान बाहुबली, काल भैरव, ओम आर्ट ग्रुप, रजत, रूद्रपुरी अमृतसर वाले, गुरजोत रासलीला जालंधर वाले शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।रामलीला का आयोजन इस बार दो से 12 अक्तूबर तक किया जाएगा। 12 अक्तूबर को दशहरे का आयोजन किया जाएगा।