कोटि गायत्री महायज्ञ के सातवें दिन विधायक सतपाल सत्ती ने पत्नी सहित नवाया शीश
24 नवंबर को होगी महायज्ञ की पूर्णाहुति
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। डेरा बाबा रुद्रानंद धाम नारी में पंचभीष्म महापर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कोटि गायत्री महायज्ञ के सातवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से शाम तक धाम में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। विभिन्न स्थानों से पहुंचे संत-महात्माओं ने अखंड धूने पर शीश नवाकर डेरा के अधिष्ठाता हेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।
रामपुर दातारपुर से महामंडलेश्वर रमेश दास महाराज और जगदगुरु विकास दास महाराज भी धाम पहुंचे। श्री बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा ने उनका स्वागत किया। ऊना के विधायक एवं हिमाचल भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी पत्नी सहित महायज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने अखंड धूने पर माथा टेका और हेमानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। शाम को महंत सूरज गिरी महाराज, डॉ. मुनीश वासुदेवा और अमोलिका नंद महाराज ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
जगदगुरु विकास दास महाराज ने आश्रम की सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हेमानंद महाराज और ट्रस्ट की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की प्रशंसा की।
भागवत कथा और यज्ञ में दीं आहुतियां
वृंदावन से पहुंचे कथावाचक लक्ष्मी नारायण तिवारी शास्त्री ने भागवत कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। उन्होंने भजनों की प्रस्तुतियां भी दीं। अमेरिका से पहुंचे यजमान कुलभूषण शर्मा ने व्यासपीठ की आरती उतारी। कथा का विराम दिवस 23 नवंबर को होगा। इस दौरान हेमानंद महाराज भी श्रद्धालुओं को कथा श्रवण करवाएंगे। वहीं, यज्ञशाला में चौथे दिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डाली गईं।
24 नवंबर को पूर्णाहुति
काशी से पहुंचे आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने वेद माता गायत्री की पूजा-अर्चना करवाई। दुबई से आए यजमान प्रदीप शर्मा ने भी पूजा में भाग लिया। 24 नवंबर को कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके लिए धाम को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। पूर्णाहुति को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।