बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब के अंतर्गत ग्राम पंचायत चुरुडू में रविवार को आयुष विभाग द्वारा भव्य आयुष ग्राम मेला आयोजित किया। मेले का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों को स्वर्ण प्राशन करवाकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। मेले में स्वर्ण प्राशन विशेष आकर्षण रहा, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों को यह आयुर्वेदिक प्रक्रिया करवाई गई। विशेषज्ञों के अनुसार यह बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, स्मरण शक्ति सुधारने और शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक है।
मेले में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कुल 362 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार प्रदान किया गया। साथ ही संदिग्ध मरीजों के टीबी परीक्षण के लिए एक्स-रे भी किए गए। मेले में आयुर्वेदिक औषधियों, हर्बल उत्पादों और औषधीय पौधों की प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर एसडीएएमओ डॉ. राजेश, बीएमओ अंब डॉ. भरत भूषण, राहुल कतना, स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी एवं आयुष विभाग के चिकित्सक व अधिकारी भी उपस्थित रहे।