श्रद्धालुओं को आपातकाल में मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
मेले को लेकर विभाग ने तैयारियां कीं शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मैड़ी मेले को लेकर आयुष विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। आयुष विभाग ने मेले में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में दो हेल्थ पोस्ट स्थापित की जाएंगी। इन हेल्थ पोस्ट के माध्यम से श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आयुष विभाग के अनुसार मैड़ी मेले के दौरान रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान व माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं। भीड़, लंबी कतारों, मौसम में बदलाव और थकान के चलते कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका रहती है। ऐसे में हेल्थ पोस्ट पर तैनात आयुष चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मी प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी देंगे। हेल्थ पोस्ट पर बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, चोट लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त जैसी सामान्य समस्याओं के इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक भी रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत राहत मिल सके।
24 घंटे कार्य करेगा मैड़ी में स्थित आयुष वेलनेस केंद्र
मैड़ी मेले के दौरान क्षेत्र में स्थित आयुष वेलनेस केंद्र का संचालन 24 घंटे होगा। इसके लिए विभाग ने चिकित्सकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा हेल्थ पोस्ट का संचालन दिन में ही होगा। मैड़ी मेले का आगाज 24 फरवरी से पांच मार्च तक होगा। इस मेले में पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु काफी पहुंचते हैं।
मैड़ी मेले को लेकर आयुष विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बार दो हेल्थ पोस्ट मेला क्षेत्र में लगाई जाएंगी। इसके अलावा प्रशासन के जो भी दिशा-निर्देश होंगे उनके तहत कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी ऊना।