मरीज के साथ आने वाले तीमारदारों को मिलेगी ठहरने की सुविधा
अस्पताल प्रबंधन ने लोगों को सुविधा देने के लिए शुरू की प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में तीमारदारों के लिए अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने को लेकर प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कड़ी में अटेंडेंट शेल्टर के साथ एक कैंटीन भी स्थापित की जाएगी। इसमें लोगों को खाने-पीने की वस्तुएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन ने उपायुक्त ऊना के समक्ष भी मांग को उठाया है। इस पर उपायुक्त ने भी अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से तीमारदारों को सुविधा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कई मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में भी दाखिल किया जाता है। इस दौरान मरीज के साथ एक तीमारदार भी मरीज के साथ ही ठहरता है। ऐसे में तीमारदारों को मरीज के बेड के समीप ही फर्श पर गद्दा बिछाकर सोना पड़ता है। ऐसे में तीमारदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने का लिए योजना तैयार की है। इस शेल्टर में 100 के करीब तीमारदार ठहर सकेंगे। इस शेल्टर में ही एक कैंटीन भी स्थापित की जाएगी ताकि लोगों को खानपान के लिए अस्पताल से बाहर न जाना पड़े। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से अटेंडेंट शेल्टर में पानी पीने के लिए आरओ भी स्थापित किया जाएगा।
कोट्स
क्षेत्रीय अस्पताल में अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने के लिए योजना बनाई गई है। इसे लेकर उपायुक्त के समक्ष भी मांग उठाई गई है। जल्द ही शेल्टर स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू होगी।
डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना