ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में तीमारदारों के लिए अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में कैंटीन भी बनाई जाएगी। यहां तीमारदारों को खाने-पीने की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रबंधन ने उपायुक्त ऊना के समक्ष यह मांग रखी थी, जिस पर उपायुक्त ने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल में विभिन्न क्षेत्रों से मरीज आते हैं, जिनके तीमारदारों को फर्श पर सोने की मजबूरी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए 100 लोगों की क्षमता वाला अटेंडेंट शेल्टर बनाया जाएगा। इसमें शुद्ध पानी के लिए आरओ भी स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही तीमारदारों के लिए अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने कहा कि अटेंडेंट शेल्टर स्थापित करने की योजना बन चुकी है और जल्द ही इसकी प्रक्रिया शुरू होगी।