पुलिस भर्ती के दौरान हाई जंप लगाता युवक। स्रोत विभाग
- फोटो : संवाद
ऊना। पुलिस लाइन झलेड़ा में शुक्रवार को शुरू हुई पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर पाए। पहले दिन परीक्षा में शामिल हुए 901 युवाओं में से महज 134 ही सफल हो सके जबकि 767 अभ्यर्थियों को पहले चरण में ही बाहर होना पड़ा। मैदान में सबसे ज्यादा मुश्किल हाई जंप और 100 मीटर दौड़ ने खड़ी की। इन दोनों स्पर्धाओं में निर्धारित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण अधिकांश युवाओं का भर्ती के अगले चरण तक पहुंचने का सपना टूट गया।
भर्ती के पहले दिन करीब 1500 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 901 युवा ही परीक्षा देने पहुंचे। अभ्यर्थियों के लिए हाई जंप में 4.35 फीट की ऊंचाई पार करना अनिवार्य था, जबकि 100 मीटर की दौड़ 14 सेकंड में पूरी करनी थी। दोनों स्पर्धाओं में प्रदर्शन का स्तर काफी अहम रहा। निर्धारित ऊंचाई तक छलांग नहीं लगा पाने और तय समय में दौड़ पूरी करने में नाकाम रहने वाले अभ्यर्थियों को बाहर होना पड़ा।
पहले दिन के नतीजों ने साफ कर दिया कि पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा से पहले शारीरिक दक्षता की चुनौती पार करना भी युवाओं के लिए आसान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि सुबह से ही पुलिस लाइन झलेड़ा में भर्ती को लेकर युवाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। परीक्षा प्रक्रिया के तहत सभी अभ्यर्थियों को सुबह छह बजे तक परीक्षा स्थल पर पहुंचना था। इसके बाद सुबह सात बजे से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई और देर शाम तक सुगम तरीके से संचालित हुई।