नंगल (ऊना)। नंगल के गांव बरारी निवासी राम मूर्ति द्विवेदी के पुत्र अश्वनी द्विवेदी की घनौली के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अश्वनी द्विवेदी रूपनगर पुलिस लाइन में तैनात थे और कार्यालय के काम के सिलसिले में घनौली गए थे। वापसी के दौरान जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के कारण अश्वनी उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अश्वनी की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम का माहौल फैल गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं।
हादसे का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैंटर चालक हादसे के बाद कुछ क्षणों के लिए रुका, लेकिन फिर वाहन लेकर भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।