बसों के संचालन और पैदल चलने वालों की बढ़ीं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अगर आप शाम छह से रात नौ बजे के बीच ऊना शहर से गुजर रहे हैं तो सतर्क रहें। इस दौरान बस अड्डे से रोटरी चौक और झलेड़ा तक हाईवे किनारे वाहनों की पार्किंग से जाम जैसे हालात बन जाते हैं। दुकानों के आगे खड़ी गाड़ियों के कारण बसों और बड़े वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो जाती है, वहीं राहगीरों को भी तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। फुटपाथों पर रेहड़ियां सजी होने से लोगों को हाईवे पर खड़े होकर ही खरीदारी करनी पड़ रही है। धर्मशाला-चंडीगढ़ हाईवे पर रोजाना हजारों वाहन गुजरने से हादसे का खतरा बना रहता है।
कोट
शहर में हाईवे किनारे गलत पार्किंग करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। शाम के समय नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। लोगों से अपील है कि खरीदारी के लिए आते समय वाहन पार्किंग में ही खड़े करें। -वीरेंद्र सिंह, ट्रैफिक प्रभारी ऊना