80 फीसदी कार्य पूरा, 15 से 20 दिन लोगों को करना होगा और इंतजार
करीब दस किलोमीटर के अतिरिक्त सफर से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर से नेशनल हाईवे-503ए के जरिये पीरनिगाह और मलाहत जाने वालों के लिए राहत की खबर है। दिसंबर में वे मलाहत रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे से गुजर सकेंगे। वर्तमान में साइट का 80 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। सड़क की साइड की दिवारों का कार्य चला हुआ। अगले 15 से 20 दिन में सड़क को सभी वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। वाहनों की क्रॉसिंग के बाद भी कार्य जारी रहेगा। रेलवे बोर्ड मलाहत रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर करवा रहा है। इससे पहले बॉक्स पुशिंग का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में अंडरपास मार्ग बंद होने के चलते पीरनिगाह और मलाहत जाने वालों को करीब दस किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे हजारों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जनसमस्याओं को देखते हुए सितंबर में प्रदेश सरकार के सचिव अभिषेक जैन ने भी स्थल का निरीक्षण किया था और रेलवे अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में लोगों को अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कोट्स
मलाहत रेलवे अंडरपास का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। अगले 15 से 20 दिन में वाहनों को गुजरने की अनुमति दे दी जाएगी। उसके बाद भी कार्य जारी रहेगा। लोगों की समस्या को देखते हुए ही कार्य जल्द करवाया जा रहा है। -पवन पालेवाल, सहायक मंडल अभियंता, सरहिंद