सहोड़ा पेयजल योजना की मोटर फिर खराब, 10 दिन में दूसरी बार सप्लाई ठप
रायपुर सहोड़ा में बुधवार को दिन भर नहीं टपका नलों में पानी
पुरानी समर्सिबल मोटरों से ही काम चला रहा विभाग
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना )। रायपुर सहोड़ा गांव की पेयजल योजना में हाल ही में बदली गई समर्सिबल मोटर महज 10 दिन में ही जवाब दे गई, जिससे बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। तड़के के समय जब ग्रामीणों को पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब नलों से पानी आना बंद हो गया। कई गृहिणियों को यह कहते सुना गया, लगदा हुन फेर जल गई मोटर। दिनभर जलापूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों, विशेषकर पशुपालकों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नहाने और पीने के लिए भी लोगों को पानी उपलब्ध नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को भी समर्सिबल मोटर खराब हो गई थी, जिसे बदलकर नई मोटर लगाई गई थी। महज 10 दिन में ही यह नई मोटर भी खराब हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी मोटर तो कभी स्टार्टर खराब होने से जल आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है।पिछले सप्ताह भी पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी, जिससे लोगों में जल शक्ति विभाग के प्रति रोष गहरा गया है। खास तौर पर गृहिणियों को सुबह पानी नहीं मिलने से भारी दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जब से इस योजना को ठेकेदार को सौंपा गया है, समस्याएं बढ़ गई हैं।
जल शक्ति विभाग मैहतपुर बसदेहड़ा के एसडीओ यशविंदर सिंह ने बताया कि समर्सिबल मोटर निकालने और दोबारा लगाने के लिए आउटसोर्स कर्मियों को बुलाया गया है, क्योंकि विभाग में कर्मचारियों की कमी है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।