दौलतपुर चौक में जल शक्ति विभाग ने जब्त किए 13 टुल्लू पंप
पेयजल संकट को दूर करने के लिए विभाग की टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक में बीते कुछ दिनों से पेयजल की समस्या गंभीर होती जा रही है, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में विभाग के खिलाफ भारी रोष है। पेयजल समस्या की खबर अमर उजाला द्वारा प्रकाशित होने के बाद जल शक्ति विभाग हरकत में आया।
शनिवार सुबह विभाग की टीम ने पेयजल की समस्या के निदान के लिए लोगों के घरों में दबिश देकर टुल्लू पंप जब्त किए। जानकारी के अनुसार दौलतपुर चौक में पानी की समस्याएं आ रही थीं। इसके लिए लोगों ने टुल्लू पंप लगे होने की शिकायत दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए एसडीओ जोगिंद्र, जेई केवल कृष्ण की टीम ने घरों में दबिश देकर चल रहे 13 टुल्लू पंप जब्त कर लिए।
वहीं, जब विभाग के लोग टुल्लू पंप निकाल रहे थे, तो कुछ लोग बहसबाजी करने लगे और विभाग के कर्मियों को धमकाने लगे। वहीं, बहसबाजी के बाद कुछ लोग विभाग की गाड़ी को जाने से रोकने लगे, जिस पर अधिकारियों ने मौके पर पुलिस को बुलाकर इस संबंधी शिकायत थाने में दी है। विभाग की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। कुछ लोग तो अपने टुल्लू पंप छिपाने लगे, ताकि उन पर कार्रवाई न हो। वहीं, स्थानीय लोगों की मानें तो कुछ लोग मनमर्जी करते हैं और पानी आते ही टुल्लू पंप की आवाज आने लगती है और अन्य घरों में पेयजल किल्लत हो जाती है। जहां दौलतपुर नगर पंचायत में भारी भरकम बिल देने के बावजूद भी लोगों के घरों में पानी की दिक्कत है, जिसका मुख्य कारण टुल्लू पंप है। प्रचंड गर्मी में हर कोई पानी की उचित सप्लाई चाहता है, परंतु नियमों के विपरीत टुल्लू पंप लगाने से अन्य लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, विभाग ने लोगों से टुल्लू पंप न लगाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में कार्रवाई लगातार अमल में लाई जाएगी।
इस संबंधी जल शक्ति विभाग दौलतपुर चौक के सहायक अभियंता जोगिंद्र सिंह ने बताया कि विभाग ने लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए टुल्लू पंप जब्त किए हैं। लोगों को पानी पहुंचाने के लिए विभाग कार्य कर रहा है। इसके लिए लोगों के सहयोग की आवश्यकता हैं। लोग टुल्लू पंप का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे अन्य घरों में पानी की समस्या उत्पन्न होती और पेयजल सिस्टम ठप हो जाता है।
****
चौंकी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि जल शक्ति विभाग की तरफ से शिकायत आई है और छह लोगों ने आईपीएच के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ बहसबाजी की है। सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद
अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद