दौलतपुर चौक में अंगीकार अभियान के तहत लगाया जागरूकता मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक में वीरवार को अंगीकार अभियान-2025 के अंतर्गत जागरूकता मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य जन-जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाना है, जिसे भारत सरकार की ओर से 4 सितंबर से 31 अक्तूबर तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत योजनाओं के लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अंगीकार 2025 के माध्यम से प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत के सचिव बलदेव ठाकुर ने की, जबकि गगरेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश कालिया मुख्य अतिथि थे। विधायक राकेश कालिया ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृति पत्र प्रदान किए और मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनीं।
मेले में बिजली बोर्ड ने लोगों को पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण माह के अंतर्गत मोटापा, मधुमेह व रक्तहीनता से बचाव संबंधी जानकारी साझा की। इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को आवास उपलब्ध हो।
सफाई अभियान में विधायक ने किया श्रमदान
कार्यक्रम के दौरान विधायक राकेश कालिया ने एक दिन, एक घंटा सफाई अभियान में भाग लेकर श्रमदान किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी साझा की।