ऊना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वर्ष 2026-27 के दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
दिव्यांगजनों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाने वाले ये पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।
जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि पुरस्कार योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाले नियोक्ताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, संस्थानों तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभागों एवं जिलों को सम्मानित करना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों के तहत सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों, निजी क्षेत्र तथा गैर-सरकारी संगठनों के उत्कृष्ट नियोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा सरकारी, कॉर्पोरेट एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगजनों के हित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभागों एवं संस्थानों तथा इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिले को भी राज्य स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा।
योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट www.esomsa.hp.gov.in पर उपलब्ध हैं।