सभी स्कूलों को पात्र अध्यापकों के आवेदन करवाने के निर्देश
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पहल पर शुरू की गई है प्रक्रिया
आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सरकारी स्कूलों में कार्यरत विज्ञान विषय के अध्यापकों के लिए उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान करते हुए एमएससी कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं कि पात्र एवं इच्छुक विज्ञान अध्यापकों के आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किए जाएं। विभाग की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अध्यापकों का विषय ज्ञान अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में एमएससी कोर्स के माध्यम से अध्यापक अपने विषय में गहन अध्ययन कर विद्यार्थियों को और अधिक प्रभावी ढंग से पढ़ा सकेंगे। यह प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पहल पर शुरू की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर उन अध्यापकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जो अपने शैक्षणिक स्तर को बढ़ाना चाहते हैं और विद्यालयों में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने के इच्छुक हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी विद्यालयों से अपील की है कि योग्य अध्यापकों को इस पहल के बारे में जागरूक कर उन्हें आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जिले में विज्ञान शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उपनिदेशक जिला उच्चतर शिक्षा विभाग अनिल कुमार ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल है। ऐसे में इच्छुक अध्यापक निर्धारित अवधि में आवेदन करें। कहा कि किसी भी दुविधा के समाधान के लिए विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।