फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मतगणना के हर राउंड की घोषणा ने बढ़ाया कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश

Wed, 05 Jun 2024 12:02 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
अपने प्रत्याशियों के पिछड़ने पर भाजपा में दिखी निराशा, लेकिन लोकसभा की जीत ने बढ़ाया हौंसला
विज्ञापन

इंदिरा मैदान के पास उमड़ी कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़
भरी दोपहर में जमकर हुई नारेबाजी, ढोल की थाप पर जमकर थिरके कार्यकर्ता

संवाद न्यूज एजेंसी

ऊना। जिला में कुटलैहड़ और गगरेट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में कांग्रेस को मिली जीत से कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला। मंगलवार दोपहर को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मतों की गणना सुनने के लिए ऊना महाविद्यालय से सटे इंदिरा मैदान में पहुंचे। हालांकि उन्हें स्टेडियम में दाखिल नहीं होने दिया गया, तो कार्यकर्ता स्टेडियम के बाहर ही जम गए। इस दौरान हर राउंड की घोषणा पर जहां एक पार्टी के कार्यकर्ताओं में लीड मिलने पर जोश कई गुना बढ़ जाता, तो दूसरे खेमे में मायूसी छा जाती। यह सिलसिला मंगलवार दोपहर एक बजे तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह सात बजे ही कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी की मतगणना सुनने के लिए ऊना महाविद्यालय के पास पहुंच गए। सुबह करीब नौ बजे पहले राउंड की गणना को लेकर घोषणाओं का दौर शुरू हुआ। शुरुआती घोषणाओं के दौरान उपचुनाव में कुटलैहड़ से भाजपा के देवेंद्र भुट्टो आगे और गगरेट से कांग्रेस के राकेश कालिया आगे थे। ऐसे में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में बराबर जोश देखने को मिला। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशी की लीड पर जमकर नारेबाजी की। लेकिन 10 बजे के बाद दोनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी आगे बढ़ना शुरू हो गए। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ गया और हर राउंड की घोषणा पर ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

उधर, लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर को मिल रही लीड पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल दिखाई दिया। हालांकि ऊना सदर में अनुराग ठाकुर को 425 मतों से लीड मिली और हरोली में रायजादा को करीब 1535 मत अधिक पड़ने की टीस भी साफ नजर आई। दोपहर एक बजे तक जहां भाजपा कार्यकर्ता इंदिरा स्टेडियम से बाहर आ गए, तो वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ना शुरू हो गई। इसके बाद इंदिरा स्टेडियम के बाहर ऊना महाविद्यालय तक कांग्रेस के नेता कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ पहुंचना शुरू हो गए।
वहीं, भाजपा की ओर से शाम 05:30 बजे रोटरी चौक ऊना में सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में धन्यवाद विजय यात्रा निकालने की घोषणा की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें