बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत धंधड़ी स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव विद्यार्थियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। करीब 100 कनाल भूमि में फैले इस विद्यालय में आज तक चहारदीवारी का निर्माण नहीं हो पाया है। नतीजतन दिन में लावारिस पशु परिसर में घूमते रहते हैं जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय बरामदे में पशुओं के साथ असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा लग जाता है।
मुख्य सड़क के किनारे स्थित विद्यालय तक पहुंचने वाला संपर्क मार्ग भी जर्जर अवस्था में है। बरसात के दौरान रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। परिसर में उगी झाड़ियां और खुले मैदान विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
पूर्व प्रधान विजय कुमार, राधे श्याम और अन्य अभिभावकों का आरोप है कि रात के समय कुछ असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर में बैठकर शराब का सेवन करते हैं और खाली बोतलें वहीं छोड़ जाते हैं। इससे विद्यालय का माहौल प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई। विद्यालय के नए भवन को भी शरारती तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। भवन की कई खिड़कियों के शीशे टूट चुके है लेकिन उनकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। सुरक्षा के लिए भी कोई स्थायी इंतजाम नहीं किए गए हैं।
विद्यालय में इस समय 66 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और आठ अध्यापक कार्यरत हैं। हालांकि मुख्याध्यापक का पद लंबे समय से रिक्त है। ऐसे में अंग्रेजी प्रवक्ता देवेंद्र कुमार कार्यवाहक मुख्याध्यापक के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
विद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण का प्रस्ताव पंचायत से पारित किया जा चुका है। बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। रात के समय विद्यालय परिसर में शराब पीने वाले शरारती तत्वों के संबंध में पुलिस को भी सूचित किया गया है।
-डॉ. प्रियदर्शनी, प्रधान, ग्राम पंचायत धंधड़ी
-
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि विद्यालय में इस प्रकार की समस्याएं हैं तो उनका शीघ्र समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-अनिल तक्खी, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग