नई तिथि शीघ्र ही घोषित की जाएगी : जंगा
थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत पशुपालन विभाग की ओर से 18 फरवरी को डुमखर में पशु मित्र पद के लिए ग्राउंड टेस्ट अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा ने बताया कि प्रशासनिक कारणों के चलते निर्धारित तिथि पर ग्राउंड टेस्ट आयोजित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नई तिथि शीघ्र ही घोषित की जाएगी।
डॉ. जंगा ने सभी अभ्यर्थियों से विभाग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगली तिथि की जानकारी विभाग द्वारा समय रहते सार्वजनिक कर दी जाएगी, ताकि सभी पात्र उम्मीदवार समय पर अपनी तैयारी सुनिश्चित कर सकें। उल्लेखनीय है कि पशुपालन विभाग की ओर से पशु मित्र के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है और इसी कड़ी में ग्राउंड टेस्ट आयोजित किया जाना था, जिसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।