डमटाल(कांगड़ा)। डमटाल थाना के अंतर्गत मोहटली पंचायत क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति की ठंड से मौत का मामला सामने आया है। मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। व्यक्ति सड़क किनारे पड़ा हुआ था और ठंड से बुरी तरह कांप रहा था। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत उसे उपचार के लिए इंदौरा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर व्यक्ति की मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर डमटाल थाना से पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और आसपास के क्षेत्रों में पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। डमटाल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई भी जानकारी रखता हो, तो तुरंत फोन नंबर 01893-244820 पर संपर्क करें। इस घटना ने एक बार फिर ठंड के मौसम में बेसहारा लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और समाज से ऐसे लोगों के प्रति सतर्कता और संवेदनशीलता दिखाने की अपील की गई है। उधर, पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।